रावण का स्वभाव


रावण के पुत्र ने कहा नीति सुनिए पहले दूत भेजिए, और सीताजी को देकर श्रीरामजी से प्रीति कर लीजिए। यदि वे स्त्री पाकर लौट जाएं, तब तो झगड़ा न बढ़ाइए। नहीं तो युद्धभूमि में उनसे मार-काट कीजिए। रावण उसकी बातें सुनकर गुस्से से लाल हो गया बोला तेरी बुद्धि भ्रष्ट हो गई है। तुझे अभी से मन में संदेह क्यों हो रहा है। पिता की यह कठोर बात सुनकर वह अपने महल को चला गया  शाम का समय जानकर रावण अपनी बीसों भुजाओं को देखता हुआ महल को चल दिया। लंका की चोटी पर एक बहुत विचित्र महल था। वहां नाच-गाना व अखाड़ा जमता था। रावण उस महल मैं जाकर बैठा। किन्नर उसके गुणों का गान करने लगे। 

सुंदर अप्सराएं नृत्य कर रही थी। वह इंद्र की तरह ही भोग विलास कर रहा था। इधर रामजी बहुत भीड़ के साथ बड़े पर्वत पर उतरे। उस रमणीय शिखर पर लक्ष्मणजी ने वृक्षों के कोमल पत्ते और सुंदर फूल अपने हाथों में सजाकर बिछा दिए। उस पर सुंदर मृगछाला बिछा दी। उसी आसन पर कृपालु रामजी विराजमान हैं। वानरराज सुग्रीव ने अपना सिर रामजी की गोद में रखा हुआ है। 


उनकी बांयी और धनुष तथा बांयी और तरकस है। विभीषण बोले लंका की चोटी पर एक महल है। रावण वहां नाच-गाना देख रहा है। सुनिए ताल और मृदंग बज रहे हैं। तब रामजी ने इसे रावण का अभिमान समझा और मुस्कुराकर धनुष चढ़ाया। एक ही बाण से रावण के मुकुट और मंदोदरी के कर्ण फूल गिरा दिए। लेकिन इसका भेद किसी ने न जाना।



ऐसा चमत्कार करके श्रीरामजी का बाण आकर तरकस में वापस आ घुसा। रंग में भंग देखकर रावण की सारी सभा भयभीत हो गई। न भूकम्प हुआ, न बहुत जोर की हवा चली। न कोई अस्त्र-शस्त्र ही नेत्रों से देखे। सभी अपने-अपने मन में सोच रहे हैं कि यह तो बहुत बड़ा अपशकुन हो गया। पूरी सभा को डरा हुआ देखकर रावण ने हंसकर ये वचन कहे- सिरों का गिरना भी जिसके लिए निरंतर शुभ होता रहा है, उसके लिए मुकुट का गिरना अपशकुन कैसा? अपने-अपने घर जाकर सो जाओ (डरने की कोई बात नहीं है)। जब से कर्णफूल पृथ्वी पर गिरा, तब से मंदोदरी के दिल में डर बैठ गया। मंदोदरी ने रावण को बहुत समझाया। पत्नी के वचन सुनकर रावण खूब हंसा और बोला - ओह अज्ञान का महिमा बहुत बलवान है।



स्त्री के स्वभाव के बारे में सब सत्य ही कहते हैं कि उसके हृदय में आठ अवगुण सदा रहते हैं। साहस, झूठ, चंचलता, माया, डर, अविवेक, अपवित्रता और निर्दयता। तूने शत्रु का समग्र विराट रूप गाया और मुझे उससे डराने की कोशिश की। तेरी कृपा से मुझे यह अब समझ आया कि तू इस प्रकार मेरी ही प्रभुता का बखान कर रही है। यह सुनने के बाद मंदोदरी ने मन ही मन सोचा कि उसके पति की काल के वश मति भ्रष्ट हो गई है।

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सूर्यवंशी राजा पृथु

ऋषि दुर्वासा एवं विष्णु भक्त राजा अंबरीष की कथा

भगवान परशुराम की कथा